कंबोडिया में गूंजेगा उत्तराखंड का नाम, एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में प्रदेश के पांच खिलाड़ी करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व; सीएम धामी ने बढ़ाया हौसला

सत्य संवाद 24×7। कंबोडिया में आयोजित होने वाली 6वीं एशियन वोविनाम चैंपियनशिप 2026 में उत्तराखंड के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे खिलाड़ियों का सोमवार को खटीमा स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्साहवर्धन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से मुलाकात कर उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता के मामले में किसी से पीछे नहीं हैं। खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरें और देश व प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड के खिलाड़ी कंबोडिया से स्वर्ण पदक जीतकर लौटेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

Advertisement

इस दौरान वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषिपाल भारती के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। एसोसिएशन ने मांग की कि वोविनाम जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक दिलाने वाले खेल को मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति योजना और देवभूमि खेल महाकुंभ में शामिल किया जाए। इससे प्रदेश के हजारों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और इस खेल को राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रोत्साहन मिल सकेगा।

एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत और महासचिव विनोद लखेरा ने बताया कि 24 से 30 नवंबर 2026 तक कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में 6वीं एशियन वोविनाम चैंपियनशिप आयोजित होगी। इसमें उत्तराखंड के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम में चयनित होकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें ऊधमसिंह नगर जिले की बबीता अधिकारी, तेजस्विनी और हर्षित कुमार, नैनीताल के सागर सिंह अधिकारी तथा हरिद्वार के अजय शर्मा शामिल हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, एसोसिएशन के कोच विनोद वैद्य, गंगा मेहरा, विक्रम सिंह, यतेंद्र कुमार, रूनू शर्मा, हिमांशु भटनागर और प्रवीण नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त