द्वाराहाट (अल्मोड़ा), सत्य संवाद 24×7। अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट विकासखंड के च्याली गांव में बंदरों का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है। घर के आंगन में बैठी 89 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर बंदर ने हमला कर उन्हें नाखूनों से घायल कर दिया। घटना के बाद परिजन महिला को उपचार के लिए बग्वालीपोखर ले गए, जहां चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
जानकारी के अनुसार, च्याली गांव निवासी रमोती देवी घर के आंगन में बैठी थीं। इसी दौरान एक पड़ोसी उनके लिए पितृ श्राद्ध की पूरी लेकर पहुंचा। बताया जा रहा है कि पास के पेड़ पर बैठा बंदर पूरी छीनने के प्रयास में महिला पर झपट पड़ा। हमले में महिला घायल हो गईं। इसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल चिकित्सक को दिखाया।
पहले भी महिला पर कर चुका है हमला
परिजनों के मुताबिक, यह घटना बीते दिनों की है। महिला के बेटे जगदीश भंडारी ने बताया कि पिछले वर्ष भी बंदर ने उनकी मां पर हमला किया था। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से परिवार चिंतित है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती सक्रियता के कारण ग्रामीणों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के हमलों का खतरा अब घरों के आंगन तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को अपने ही घरों में असुरक्षा महसूस हो रही है। जगदीश भंडारी ने वन विभाग से क्षेत्र में बंदरों के आतंक पर अंकुश लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
सत्य संवाद 24×7

