काशीपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप, पति पर तीसरी मंजिल से फेंकने का आरोप

काशीपुर, सत्य संवाद 24×7। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। तीन मंजिला मकान से गिरने के बाद 35 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घरेलू विवाद के दौरान तीसरी मंजिल से नीचे फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में पुलिस को तहरीर मिलने का इंतजार है।

कुंडेश्वरा में किराये के मकान में रहता था परिवार

Advertisement

जानकारी के अनुसार, घटना आईटीआई थाना क्षेत्र के कुंडेश्वरा में आलू फैक्ट्री के पास की है। यहां किराये के मकान में रहने वाले शिशुपाल की पत्नी रूबी सिंह की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिशुपाल कैटरिंग के काम में मजदूरी करता है। रूबी की शादी करीब 13 वर्ष पहले मुरादाबाद जिले के डिलारी निवासी शिशुपाल से हुई थी। दंपती का चार वर्षीय बेटा तन्मय सिंह है। बताया जा रहा है कि शिशुपाल पिछले करीब डेढ़ साल से अपने परिवार के साथ अलग किराये के मकान में रह रहा था।

मायके पक्ष ने लगाए दहेज उत्पीड़न के आरोप

मृतका के भाई विपुल कुमार, निवासी ग्राम शेरपुर बहलीन, शरीफनगर, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद), ने अपने बहनोई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही रूबी को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जाता था। आरोप है कि उसके साथ मारपीट करने के साथ ही उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया जाता था। परिजनों ने यह भी दावा किया कि आरोपी पहले कई बार रूबी का गला घोंटने का प्रयास कर चुका था। उनका कहना है कि बहन की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मायके पक्ष के लोग उसकी मदद करते थे और खर्च के लिए रुपये भी भेजते थे।

घरेलू विवाद के दौरान तीसरी मंजिल से गिरने का आरोप

परिजनों के मुताबिक, बीती रात करीब 10:30 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान शिशुपाल ने रूबी को मकान की तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

नीचे गिरने से रूबी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी परिजनों को रात करीब 12 बजे मिली। इसके बाद वे मुरादाबाद रोड स्थित अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक चिकित्सकों ने रूबी को मृत घोषित कर दिया था।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शिशुपाल शराब पीने का आदी है और लंबे समय से दहेज को लेकर रूबी को परेशान कर रहा था।

तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी पुलिस

अपर पुलिस अधीक्षक काशीपुर स्वप्न किशोर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस विवाहिता की मौत से जुड़े आरोपों और घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।

सत्य संवाद 24×7