हल्द्वानी, सत्य संवाद 24×7। छात्राओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा नैनीताल की जिला अध्यक्ष कंचन उप्रेती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्राओं के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद आंगोमचा बिमोल पर छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व के रवैये पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राहुल गांधी समेत कांग्रेस के नेता संबंधित सांसद के समर्थन में खड़े हैं। महिला मोर्चा ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान जैसे गंभीर विषयों पर राजनीति करने के बजाय निष्पक्ष कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
‘छात्राओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ का दिया संदेश
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने ‘छात्राओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ का संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिर में छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 छात्राओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामले में कांग्रेस का रवैया जनता के सामने है। महिला मोर्चा ने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए छात्राओं के सम्मान की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की।
महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी रहीं मौजूद
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कल्पना बोरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पूनम जोशी, जिला महामंत्री राशि जैन, आभा गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष गुंजन सदाना और बसंती मेहरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने छात्राओं की सुरक्षा, महिला सम्मान और ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
सत्य संवाद 24×7

