राम सुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया नमन, नौ विशिष्ट प्रतिभाओं को मिला सम्मान
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। तराई के संस्थापक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती पर रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में स्मृति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर उन्होंने पंडित राम सुमेर शुक्ल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को नमन किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली नौ प्रतिभाओं को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
नौ प्रतिभाओं को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मान
समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शामिल रहे—
- स्वच्छता: रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा
- शिक्षा: पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप
- वकालत: अपर महाधिवक्ता सुनील खेड़ा
- चिकित्सा: डॉ. रणजीत सिंह गिल
- व्यवसाय: घनश्याम श्यामपुरिया
- गौसेवा: विराट आर्य
- खेल: सविता मंडल
- सामाजिक सेवा: अमित श्रीवास्तव
- पशुपालन एवं मशरूम उत्पादन: किरन सिंह
तराई के विकास में राम सुमेर शुक्ल का योगदान अविस्मरणीय: राज्यपाल
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित राम सुमेर शुक्ल को उनकी 112वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि तराई को बसाने और व्यवस्थित करने में पंडित राम सुमेर शुक्ल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका जीवन त्याग और बलिदान का प्रतीक रहा तथा क्षेत्र की स्थापना और विकास में उनकी प्रमुख भूमिका रही।
राज्यपाल ने कहा कि उनका रुद्रपुर और तराई क्षेत्र से आत्मीय लगाव रहा है। पंडित राम सुमेर शुक्ल ने दूरदर्शी सोच के साथ क्षेत्र के व्यवस्थित विकास, जनसेवा और समाजसेवा के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह संस्थान भविष्य में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा योगदान देगा।
पंत और राम सुमेर शुक्ल का तराई के विकास में रहा अहम योगदान: राजेश शुक्ला
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पंडित राम सुमेर शुक्ल को नमन करते हुए कहा कि तराई और पंतनगर विश्वविद्यालय की स्थापना में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के साथ पंडित राम सुमेर शुक्ल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तराई और जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। राजेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, सुरेश कोली, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, दिनेश शुक्ला, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, केके दास, आशीष शुक्ला, मनीष शुक्ला, हिमांशु शुक्ला, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा और सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
