LIU को चकमा देकर राजभवन पहुंचे कांग्रेस नेता! दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर उत्तराखंड में सियासी घमासान

देहरादून, सत्य संवाद 24×7। भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। नियुक्ति के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इसी बीच LIU को चकमा देकर कांग्रेस नेताओं के राजभवन पहुंचने की खबर ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून में प्रेस वार्ता कर सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, हरक सिंह रावत और प्रीतम सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Advertisement

दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

गणेश गोदियाल ने दुष्यंत गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग आज भी कायम है। उन्होंने इसे उत्तराखंड की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए प्रदेश की जनता और मातृशक्ति से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।

अंकिता केस के कथित VIP एंगल पर जवाब मांगा

कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP एंगल को लेकर सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। गोदियाल ने अंकिता के संदेशों का उल्लेख करते हुए सरकार से मामले से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

कांग्रेस का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है। दुष्यंत गौतम की नियुक्ति और अंकिता प्रकरण को लेकर पार्टी के विरोध के बीच प्रदेश का सियासी माहौल गरमा गया है।

सत्य संवाद 24×7