हल्द्वानी,सत्य संवाद 24×7।हल्द्वानी कोतवाली में महिला दरोगा और एसओजी में तैनात एक सिपाही के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि कहासुनी के दौरान सिपाही ने महिला दरोगा को थप्पड़ मार दिया। घटना की चर्चा पुलिस महकमे में तेजी से हो रही है। हालांकि, मामले में औपचारिक शिकायत, आधिकारिक पुष्टि और विभागीय कार्रवाई को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
बहस के बाद मारपीट का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कथित घटना करीब तीन दिन पहले सुबह के समय हुई। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर महिला चौकी प्रभारी दरोगा और एसओजी में तैनात सिपाही के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सिपाही ने आपा खो दिया और महिला दरोगा को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद कोतवाली परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बनने की बात कही जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारी तक पहुंचा मामला
बताया जा रहा है कि विवाद की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंची। सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि महिला दरोगा ने एक वरिष्ठ अधिकारी के सामने अपना पक्ष रखा। वहीं, घटना के बाद संबंधित सिपाही को नैनीताल भेजे जाने की बात भी सामने आ रही है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
पुलिस महकमे से जुड़े इस मामले में अब तक किसी औपचारिक शिकायत, जांच या कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है। ऐसे में घटना से जुड़े आरोपों और संबंधित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
सत्य संवाद 24×7

