कालाढूंगी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल घूमकर लौट रहे पर्यटकों से भरी फोर्स अर्बेनिया मिनी बस घटगड़ गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय वाहन में कुल 13 पर्यटक सवार थे। घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या HR56C1444 पर्यटकों को नैनीताल घुमाने के बाद कालाढूंगी मार्ग से देहरादून की ओर लौट रहा था। इसी दौरान घटगड़ गांव के समीप एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और मिनी बस सड़क पर पलट गई।
सड़क पर पलटी बस, टला बड़ा हादसा
गनीमत रही कि मिनी बस सड़क पर ही पलटी। यदि वाहन खाई की ओर चला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
एसआई आशा बिष्ट के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम
हादसे की सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस की टीम उपनिरीक्षक आशा बिष्ट के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग को एक तरफ से खोलकर वाहनों की आवाजाही सुचारू रखी गई।
फिलहाल मिनी बस पलटने के कारणों और पर्यटकों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
इससे पहले भी दो बड़े सड़क हादसे
इससे पहले नैनीताल के कैंची धाम के समीप निगलाट गांव में एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि चार लोग घायल हुए थे। वहीं, देर रात अल्मोड़ा में बोलेरो वाहन खाई में गिरने से मां-बेटी समेत तीन लोगों की जान चली गई थी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को रेखांकित किया है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

