चुरू, राजस्थान। सत्य संवाद 24×7। राजस्थान के चुरू जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक लड़की घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मंदिर में दर्शन करने जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा दादरेवा-तारानगर मार्ग पर सादुलपुर कस्बे के पास हुआ। कार में सवार लोग मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। मृतकों में एक बच्चे सहित एक ही परिवार के पांच सदस्य और कार चालक शामिल बताए गए हैं। परिवार तारानगर क्षेत्र के सोमसीसर गांव का रहने वाला था।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी छह मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। घायल लड़की को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। दुर्घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने की जानकारी दी गई है।
सत्य संवाद 24×7
