गुरु नानक देव जी की जयंती पर रुद्रपुर में नगर कीर्तन को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी, 22 नवंबर को सुबह 7 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। 21 नवंबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशानुसार श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा द्वारा आयोजित नगर कीर्तन शोभायात्रा को देखते हुए रुद्रपुर शहर का यातायात डायवर्जन प्लान जारी कर दिया गया है। 22 नवंबर 2026 को सुबह 07:00 बजे से रात्रि 22:00 बजे तक यातायात डायवर्जन प्लान प्रभावी रहेगा। इस दौरान शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस प्रशासन द्वारा शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए बाहरी और स्थानीय वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। निर्धारित अवधि में सभी वाहन पास निरस्त रहेंगे।

Advertisement

भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

22 नवंबर को सुबह 07:00 बजे से रात्रि 22:00 बजे तक शहर में निम्न स्थानों से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा—

  1. राधा स्वामी सत्संग फ्लाईओवर, किच्छा रोड।
  2. एमीनेटी स्कूल फ्लाईओवर, काशीपुर रोड।
  3. रामपुर बाईपास।
  4. पार्ले चौक, नैनीताल रोड।

बाहरी वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान

  • नैनीताल, हल्द्वानी एवं पंतनगर से आने वाले वाहन: रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली, काशीपुर, हरिद्वार एवं देहरादून जाने वाले वाहन पार्ले चौक से रिंग रोड का प्रयोग करेंगे।
  • हरिद्वार एवं काशीपुर से आने वाले वाहन: रामपुर, दिल्ली, किच्छा, सितारगंज, हल्द्वानी एवं नैनीताल जाने वाले वाहन एमीनेटी स्कूल से रिंग रोड के रास्ते जाएंगे।
  • दिल्ली, मुरादाबाद एवं रामपुर से आने वाले वाहन: काशीपुर, किच्छा, सितारगंज, हल्द्वानी एवं नैनीताल जाने वाले वाहन रामपुर बाईपास से रिंग रोड का प्रयोग करेंगे।
  • खटीमा, सितारगंज एवं किच्छा से आने वाले वाहन: रामपुर, दिल्ली, रामनगर, काशीपुर, हरिद्वार एवं देहरादून जाने वाले वाहन राधा स्वामी सत्संग फ्लाईओवर सर्विस लाइन से रिंग रोड का प्रयोग करेंगे।

स्थानीय वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था

1. गुरु नानक पब्लिक स्कूल से काशीपुर बाईपास रोड की ओर

गावा चौक एवं डीडी चौक से काशीपुर बाईपास रोड की ओर जाने वाले वाहनों को त्रिशूल चौक होते हुए डायवर्ट किया जाएगा। अन्य दिशाओं से मुख्य बाजार जाने वाले वाहनों को रुद्रा कॉन्टिनेंटल से रोका जाएगा। इन वाहनों को रेम्बो स्कूल होते हुए बालाजी धाम, घास मंडी की ओर तथा अग्रसेन चौक से सिविल लाइंस होते हुए जनता इंटर कॉलेज की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के मुख्य बाजार की ओर प्रवेश करने के बाद गावा चौक एवं डीडी चौक से यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।

2. गल्ला मंडी से त्रिशूल चौक की ओर

काशीपुर रोड से रुद्रपुर शहर की ओर आने वाले वाहनों को गावा चौक से काशीपुर बाईपास रोड की ओर भेजा जाएगा। त्रिशूल चौक की ओर आने वाले वाहनों को गल्ला मंडी से विपरीत दिशा में डायवर्ट कर यातायात सिंगल लेन में संचालित किया जाएगा।

3. त्रिशूल चौक से डीडी चौक की ओर

रोडवेज, सिडकुल एवं वॉल्वो बसों को तीनपानी और किच्छा बाईपास रोड होते हुए डीडी चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा बसों को त्रिशूल चौक से एमीनेटी होते हुए रिंग रोड के रास्ते भी भेजा जाएगा।

हल्द्वानी एवं नैनीताल से आने वाली बसें, जिन्हें रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली, हरिद्वार एवं देहरादून जाना है, उन्हें पार्ले चौक से रिंग रोड के निर्धारित डायवर्जन मार्ग से भेजा जाएगा।

ड्रॉपिंग एवं पिकअप प्वाइंट सिडकुल चौक, गावा चौक एवं त्रिशूल चौक निर्धारित किए गए हैं। सिडकुल की बसों को दशमेश द्वार से वापस किया जाएगा।

4. डीडी चौक से अग्रसेन चौक की ओर

डीडी चौक से काशीपुर बाईपास रोड की ओर जाने वाले सभी वाहनों को त्रिशूल चौक, गल्ला मंडी एवं गावा चौक होते हुए डायवर्ट किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वाहनों को विशाल मेगा मार्ट से अग्रसेन चौक की ओर भी भेजा जाएगा।

इन 16 स्थानों पर तैनात रहेगा पुलिस बल

नगर कीर्तन शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने निम्न स्थानों पर पुलिस बल की ड्यूटी लगाई है—

  1. फल मंडी
  2. बाटा चौक
  3. अग्रसेन चौक
  4. गावा चौक
  5. गल्ला मंडी
  6. त्रिशूल चौक
  7. डीडी चौक
  8. विशाल मेगा मार्ट के पास
  9. एमीनेटी स्कूल डायवर्जन प्वाइंट
  10. रामपुर बॉर्डर
  11. राधा स्वामी सत्संग डायवर्जन प्वाइंट
  12. पार्ले चौक
  13. तीनपानी तिराहा
  14. गंगापुर मोड़
  15. रुद्रा कॉन्टिनेंटल तिराहा
  16. बालाजी द्वार एवं मिड टाउन होटल के सामने

ऊधम सिंह नगर पुलिस की आमजन से अपील

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नगर कीर्तन शोभायात्रा के दौरान जारी यातायात डायवर्जन प्लान का पालन करें। निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और शोभायात्रा मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन न ले जाएं।

पुलिस ने लोगों से यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की है।

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

सत्य संवाद 24×7

सच के साथ, हर वक्त