हल्द्वानी, सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने हल्द्वानी पहुंचकर अपने चुनाव लड़ने को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा और वह संगठन के फैसले के अनुसार आगे बढ़ेंगे।
हरीश रावत के इस बयान के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनके बयान को चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक रणनीति और संभावित विधानसभा सीट को लेकर दिए गए अहम संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
परिवार को टिकट देने के सवाल पर भी दिया जवाब
परिवार के सदस्यों को चुनावी टिकट दिए जाने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि उनके परिवार के सदस्य पिछले 20 से 25 वर्षों से जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं। उनके इस बयान को परिवारवाद के आरोपों के बीच कांग्रेस का पक्ष रखने के तौर पर देखा जा रहा है।
मजबूत कांग्रेस प्रत्याशी के साथ खड़े होने की बात
हरीश रावत ने कहा कि भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशी के साथ वह खड़े रहेंगे। उनके इस बयान से पार्टी के भीतर आगामी चुनाव की तैयारियों और प्रत्याशियों को लेकर चल रही चर्चाओं को और बल मिला है।
2022 में लालकुआं सीट से मिली थी हार
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में हरीश रावत ने नैनीताल जिले की लालकुआं विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें भाजपा के डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के सामने हार का सामना करना पड़ा था। अब 2027 के चुनाव से पहले खानपुर सीट को लेकर उनकी इच्छा जाहिर करने के बाद राजनीतिक हलकों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सत्य संवाद 24×7 — सच के साथ, हर वक्त।

