Video त्योहारों पर नैनीताल पुलिस की डिजिटल निगरानी, CCR से 233 कैमरों के जरिए रखी जा रही नजर

हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7।धनतेरस और दीपावली के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने निगरानी तंत्र को सक्रिय कर दिया है। बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों की गतिविधियों पर अब कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCR) हल्द्वानी से लगातार नजर रखी जा रही है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे 233 एक्टिव सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड के जरिए पुलिस हर गतिविधि पर निगरानी कर रही है।

एसएसपी ने CCR पहुंचकर परखी व्यवस्था

Advertisement

त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचकर निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैमरों की कार्यशीलता और लाइव फीड की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एसपी संचार रेवाधर मठपाल को निर्देश दिए कि सभी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निगरानी व्यवस्था हर समय सक्रिय रखी जाए।

संदिग्ध गतिविधि दिखते ही संबंधित थाने को मिलेगी सूचना

निरीक्षण के दौरान प्रमुख बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर लगे कैमरों की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया। एसएसपी ने निर्देश दिए कि कैमरों में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या आपराधिक गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित थाना और चौकी को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

ड्रोन से भी होगी भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी

सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन के माध्यम से भी प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से पुलिस का उद्देश्य भीड़ के बीच होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करना है।

पुलिस की अपील—सुरक्षित और शांतिपूर्ण मनाएं त्योहार

नैनीताल पुलिस ने कहा है कि धनतेरस और दीपावली के पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस की ओर से लोगों से भी अपील की गई है कि त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त