रुद्रपुर, 27 अक्टूबर 2026। सत्य संवाद 24×7। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती की अध्यक्षता में ऊधम सिंह नगर में हितधारकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था, बाजारों की सुरक्षा, पटाखों की बिक्री, अग्निशमन और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
आईजी ने व्यापारियों से दुकानों का सामान निर्धारित परिसर में रखने और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और खराब कैमरों को तत्काल ठीक कराने पर जोर दिया।
दीपावली पर पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थलों पर वैध लाइसेंस के साथ करने तथा अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ज्वेलर्स को प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत रखने और संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने को कहा गया।
स्कूलों को विद्यार्थियों को साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ स्कूल बसों की फिटनेस एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, बैंक प्रबंधकों को फ्रीज धनराशि से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए। औद्योगिक इकाइयों में भी सीसीटीवी और अग्निशमन उपकरणों को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
शिकायतों पर एक सप्ताह में कार्रवाई के निर्देश
गोष्ठी में प्राप्त सुझावों और शिकायतों पर आईजी निवेदिता कुकरेती ने एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति को आवश्यक कार्रवाई कर एक सप्ताह के भीतर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, काशीपुर और सितारगंज, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। पुलिस ने आमजन से त्योहारों के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
सत्य संवाद 24×7 — सच के साथ, हर वक्त।

