पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, उत्तराखंड के 8.08 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 161.96 करोड़ रुपये

देहरादून, सत्य संवाद 24×7। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 18,690 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। वहीं, उत्तराखंड के 8 लाख 08 हजार से अधिक किसानों को भी इस किस्त का लाभ मिला। प्रदेश के किसानों के खातों में कुल 161.96 करोड़ रुपये भेजे गए।

पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, उत्तराखंड के 8.08 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 161.96 करोड़ रुपये पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, उत्तराखंड के 8.08 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 161.96 करोड़ रुपये

Advertisement

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने लाभार्थी किसानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। वर्ष 2019 में योजना की शुरुआत के समय उत्तराखंड में करीब चार लाख किसान इससे लाभान्वित हो रहे थे, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर आठ लाख से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि किसानों की भूमिका देश की खाद्य सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम है। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचा रही है। राज्य सरकार भी खेती को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में नहरों से सिंचाई पूरी तरह निःशुल्क की गई है और किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा करीब 115 करोड़ रुपये के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार किए जा चुके हैं।

पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, उत्तराखंड के 8.08 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 161.96 करोड़ रुपये पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, उत्तराखंड के 8.08 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 161.96 करोड़ रुपये

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा आधारित खेती की चुनौतियों को देखते हुए एक हजार करोड़ रुपये की उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग परियोजना को भी महत्वपूर्ण बताया। इसके साथ ही सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट उत्पादन को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों तथा स्टेट मिलेट मिशन के माध्यम से किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान दिए जाने की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की उपज को उचित मूल्य दिलाने और फसलों को खराब होने से बचाने के लिए कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज और खाद्य प्रसंस्करण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। महक क्रांति नीति के तहत प्रदेश में सात एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत 23 हजार हेक्टेयर भूमि पर सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय कृषि उत्पादों और मिलेट को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अनुपूरक बजट में धान और गेहूं की खरीद के लिए 1100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पर्वतीय कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, सहकारिता, मत्स्य पालन और मौन पालन को भी प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे किसानों को आय के अतिरिक्त साधन मिल सकें।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में लैवेंडर और डेंडेलियन जैसी सुगंधित एवं औषधीय फसलों की खेती को भी बढ़ावा दे रही है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने आपदा प्रभावित किसानों को निर्धारित सहायता के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से भी मदद देने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौधरी, राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, सचिव कृषि डॉ. एसएन पांडेय, महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनंद श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7 | सच के साथ, हर वक्त