शारदा नदी के छठ घाट पर सीएम धामी ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, बोले- खटीमा है मिनी भारत की तस्वीर

खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार सुबह मेलाघाट स्थित शारदा नदी के बाइस पुल छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठ महापर्व का समापन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठी मइया से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की कामना की।

व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री धामी ने छठ घाट पर मौजूद व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही वह खटीमा में छठ पर्व के आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। यह पर्व महिलाओं की कठिन तपस्या, आस्था, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। छठ पूजा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना के साथ मनाई जाती है।

Advertisement

बोले- खटीमा में दिखती है मिनी भारत की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा एक लघु भारत की तरह है, जहां विभिन्न समाजों और समुदायों के लोग सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि गृह क्षेत्र होने के कारण उनका प्रयास रहता है कि यहां आयोजित होने वाले प्रमुख पर्वों और धार्मिक आयोजनों में लोगों के बीच मौजूद रहें।

पूजा-अर्चना के साथ हुआ छठ महापर्व का समापन

मुख्यमंत्री के छठ घाट पहुंचने पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने खुशी जाहिर की। पूजा-अर्चना और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही घाट पर छठ महापर्व का पारंपरिक रूप से समापन हुआ।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त