डीएम का सख्त एक्शन: 50% से कम राजस्व वसूली करने वाले अमीनों का नवंबर का वेतन रुकेगा, लंबित मामलों और अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई के निर्देश

रुद्रपुर,सत्य संवाद 24×7 | जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले राजस्व अमीनों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ निर्देश दिए हैं कि अक्टूबर माह तक 50 प्रतिशत से कम राजस्व वसूली करने वाले अमीनों का नवंबर माह का वेतन रोक दिया जाएगा।

शुक्रवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली और विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को नियमित न्यायालय लगाकर लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। पुराने मामलों को प्राथमिकता देने और बकायेदारों से सख्ती से राजस्व वसूली करने के निर्देश भी दिए।

अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर

कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने पुलिस अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के लिए सक्रियता से कार्य करने को कहा। आबकारी अधिकारी को कच्ची शराब और अवैध मदिरा की बिक्री रोकने के लिए नियमित छापेमारी के निर्देश दिए।

ओवरलोड और अनफिट वाहनों पर चलेगा अभियान

एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों, एनएच सर्विस लेन में पार्किंग करने वालों और अनफिट वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा।

मिठाई की दुकानों और होटलों में होगी जांच

खाद्य सुरक्षा अधिकारी को मिठाई की दुकानों, होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में नियमित छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और जांच कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन और सीएम जन समर्पण पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ताओं से स्वयं बातचीत करने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एसपी क्राइम अनुषा बडोला, कौस्तुभ मिश्र, विभिन्न उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त