नैनीताल। सत्य संवाद 24×7। नैनीताल के बजून क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम पर्यटकों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच वाहनों की टक्कर को लेकर विवाद हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन गई। मामला पुलिस कोतवाली तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार, खुरपाताल से वाटरफॉल होते हुए कालाढूंगी की ओर जाने वाले राजकीय मार्ग पर उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार ने बजून क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों का आरोप है कि कार संख्या UP23AX3042 तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर वहां खड़ी करीब पांच गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करते हुए नैनीताल की ओर निकल गई। इस दौरान कुछ लोगों को चोटें आने की बात भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि घटना के करीब दो किलोमीटर आगे चारखेत क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने उक्त वाहन को रोक लिया और पुलिस के पास ले जाकर नुकसान की भरपाई की मांग की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
वहीं, कार में सवार महिलाओं ने स्थानीय युवकों पर वाहन का पीछा करने और उनके परिवार के साथ मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि घबराहट में वाहन को पीछे और आगे करने के दौरान अन्य गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। इस मामले में पर्यटकों और ग्रामीणों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
घटना के बाद चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और विवाद की असली वजह क्या थी।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त।

