रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा पर रुद्रपुर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों के बीच व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

विधायक शिव अरोरा ने कई छठ घाटों पर पहुंचकर दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ पूजा स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने अटरिया पुल, धोबी घाट, प्रीत विहार शिव मंदिर, खेड़ा स्थित संतोषी माता मंदिर और झील लेक पैराडाइस में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर छठ व्रती माताओं-बहनों से मुलाकात की और उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भगवान सूर्य की आराधना करते हुए डूबते सूर्य को अर्घ्य भी अर्पित किया।
पारंपरिक पूजा और छठ गीतों से भक्तिमय हुए घाट
विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री से सजे दउरा और सूप लेकर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचीं। छठ गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। परिवारों ने सामूहिक रूप से पूजा में भाग लेकर इस पर्व की परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया।
छठ पर्व त्याग, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक: शिव अरोरा
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि पूर्वांचल समाज में छठ महापर्व का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह पर्व सूर्य उपासना के साथ-साथ त्याग, तपस्या, पवित्रता, पारिवारिक मंगलकामना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छठ व्रती महिलाएं कठिन निर्जला व्रत रखकर जिस श्रद्धा से भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करती हैं, वह प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर के छठ घाटों का निर्माण, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उनके अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश छठ घाटों पर निर्माण और सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं, ताकि व्रतियों को पूजा के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें।
सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा व्रत का पारण
छठ महापर्व के अगले दिन सुबह व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ व्रत का विधिवत पारण होगा।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री सुरेश कोली, राधेश शर्मा, कुसुम शर्मा, दिवाकर पांडेय, रीतलाल, सुनील यादव, वीरेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
