देहरादून। सत्य संवाद 24×7।देहरादून। अफ्रीकी देशों में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। संक्रमण की रोकथाम और संभावित खतरे से निपटने के लिए देहरादून जिले के सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों को निगरानी और बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों की पहचान कर 21 दिनों तक उनकी स्वास्थ्य निगरानी की जाएगी।
विदेश से लौटने वालों पर रहेगी विशेष नजर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने एम्स ऋषिकेश के निदेशक, जिला अस्पतालों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों तथा सभी सरकारी एवं निजी मेडिकल कॉलेजों को पत्र जारी किया है। इसमें शासन की ओर से जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की सूची एयरपोर्ट हेल्थ के इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IHIP) पोर्टल पर उपलब्ध होगी। इसके आधार पर जिला सर्विलांस इकाई संबंधित यात्रियों से संपर्क कर प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेगी।
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और PPE किट तैयार रखने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। इसके तहत संदिग्ध मरीजों के लिए सिंगल रूम आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के साथ पीपीई किट, एन-95 मास्क, ग्लव्स और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गंभीर अथवा संदिग्ध मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रेफर करने के उद्देश्य से एम्स ऋषिकेश को नामित किया गया है।
इन लक्षणों पर बरती जाएगी विशेष सतर्कता
स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध मरीजों की पहचान के लिए मानक भी निर्धारित किए हैं। यदि किसी व्यक्ति ने पिछले 21 दिनों के दौरान प्रभावित क्षेत्र की यात्रा की है या किसी संदिग्ध मरीज के संपर्क में आया है और उसमें निम्न लक्षण दिखाई देते हैं, तो तत्काल चिकित्सकीय जांच एवं उपचार किया जाएगा।
- बुखार आना।
- रक्तस्राव होना।
- आंखें लाल होना।
- शरीर पर लाल चकत्ते पड़ना।
- दस्त की समस्या।
- खून की उल्टी होना।
स्वास्थ्य विभाग की आमजन से अपील
सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे 21 दिनों तक अपने स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखें। किसी भी संदिग्ध लक्षण के दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और चिकित्सकों को अपनी विदेश यात्रा एवं संभावित संपर्क की जानकारी दें।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों को सतर्क रहने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है, ताकि संक्रमण की किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
