रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। संयुक्त निदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग नितिन उपाध्याय ने जिला सूचना कार्यालय, ऊधम सिंह नगर में जनपद के पत्रकारों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान पत्रकारों ने प्रेस क्लब/मीडिया सेंटर रुद्रपुर के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के साथ ही इसके सुचारू संचालन की मांग उठाई।
70.59 लाख रुपये के प्रस्ताव को टीएसी की स्वीकृति
पत्रकारों की मांग पर संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने बताया कि प्रेस क्लब/मीडिया सेंटर के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य के लिए तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) की स्वीकृति मिल चुकी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 70.59 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि सूचना विभाग की ओर से इस संबंध में शासन को पत्र भेजा जा चुका है। शासन स्तर से कार्यदायी संस्था के चयन के निर्देश मिले हैं। इसी क्रम में कार्यदायी संस्था के चयन के लिए जिलाधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया गया है।
पत्रकारों ने उठाईं यात्रा सुविधा और बीमा की मांगें
बैठक में पत्रकारों ने उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में पत्रकारों के लिए आरक्षित सीटों पर स्पष्ट रूप से ‘पत्रकारों हेतु आरक्षित’ लिखवाने का अनुरोध किया। इसके साथ ही रेलवे में पत्रकारों को पहले की तरह यात्रा सुविधा दोबारा उपलब्ध कराने और पत्रकारों के लिए समूह बीमा की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई।
रेलवे यात्रा सुविधा के संबंध में संयुक्त निदेशक ने पत्रकारों से संयुक्त ज्ञापन उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने बताया कि ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर भेजा जा सकेगा।
संयुक्त निदेशक ने मीडिया सेंटर का किया निरीक्षण
बैठक के बाद संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने जिला सूचना अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट के साथ प्रेस क्लब/मीडिया सेंटर रुद्रपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रस्तावित सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

