सत्यसंवाद24×7 | हल्द्वानी/मुक्तेश्वर। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने और प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में भव्य गाला डिनर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम से लाइव जुड़कर प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 के तहत साइकिलिंग प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर कुल 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग करने में भी महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों और जैव विविधता के लिहाज से विशेष पहचान रखता है। इस प्रकार के साहसिक आयोजन प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी पैदा करते हैं। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित किया जाए।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों और अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति खुरपाताल और नई दिशाएं नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा और छपेली नृत्य ने मोहा मन
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों ने नृत्य और संगीत के माध्यम से प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
वहीं ‘तेरो नथुली को डोर’ की मधुर लोकधुन पर छपेली लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्य के माध्यम से कुमाऊं की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा, गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी एवं अन्य अतिथि मौजूद रहे।
सत्यसंवाद24×7 | हल्द्वानी | नैनीताल | उत्तराखंड
उत्तराखंड के हर शहर और हर जिले की खबर, आपके अपने समाचार मंच पर।

