ज्योतिर्मठ: चांई गांव में प्राचीन सीता माता मंदिर के पुनर्निर्माण का शिलान्यास, दानदाता गोयल परिवार का जताया आभार

ज्योतिर्मठ,सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड के ज्योतिर्मठ के निकट चांई गांव में स्थित माता वेदवती की तपस्थली प्राचीन सीता माता मंदिर के पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य का सोमवार को विधिवत पूजा-अर्चना और भूमि पूजन के साथ शिलान्यास किया गया। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाता दिनेश गोयल परिवार का आभार व्यक्त किया।

शिलान्यास कार्यक्रम धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बीकेटीसी के पदाधिकारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम पूरा होने के बाद बीकेटीसी का दल श्री बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हो गया।

Advertisement

अस्थायी कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं

मंदिर शिलान्यास कार्यक्रम से पहले बीकेटीसी के पदाधिकारियों ने ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में दर्शन से पूर्व समिति के अस्थायी कर्मचारियों से मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को सुना गया। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से वार्ता और समाधान की प्रक्रिया पर विश्वास बनाए रखने तथा अपना धरना स्थगित करने की अपील की।

इससे पहले रविवार को बीकेटीसी के पदाधिकारियों ने शंकराचार्य स्वामी श्री वासुदेवानंद सरस्वती महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही रविग्राम सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित रामलीला कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया।

ये लोग रहे मौजूद

मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सलाहकार माधव सेमवाल, सदस्य राकेश भंडारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार, नीरज कौशिक, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश कपरवाण, चांई गांव के ग्राम प्रधान शंकरलाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष रीता राणा और कर्मचारी संघ अध्यक्ष विजेंद्र बिष्ट सहित समिति के अधिकारी-कर्मचारी तथा गांव के श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सत्य संवाद 24×7 — सच के साथ, हर वक्त।