रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने रुद्रपुर क्षेत्र में स्कूली एवं यात्री वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 19 और 20 नवंबर 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 60 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 20 वाहनों को सीज कर दिया गया।
यह अभियान परिवहन आयुक्त, उत्तराखंड के निर्देशों और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के आदेशों के क्रम में 16 से 22 नवंबर तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष निरीक्षण अभियान का हिस्सा है।
परिवहन विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त कार्रवाई
अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर की सचिव ममता पंत ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान स्कूली बसों, स्कूल वैन, स्कूल कैब और यात्री वाहनों के दस्तावेजों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
इन अनियमितताओं पर हुए चालान
जांच के दौरान सामने आई प्रमुख कमियों के आधार पर कार्रवाई की गई।
- बिना वैध बीमा के 3 वाहन
- बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के 10 वाहन
- बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के 2 वाहन
- बिना टैक्स के 6 वाहन
- बिना परमिट के 3 वाहन
- बिना अग्निशमन यंत्र के 1 वाहन
- बिना प्राथमिक उपचार पेटिका के 1 वाहन
इसके अलावा ओवरलोडिंग और मोटर वाहन अधिनियम के अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर विशेष नजर
परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटिका, वाहन की फिटनेस और चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की।
नियमों का पालन करने की अपील
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों और चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने स्कूल प्रबंधन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा उपकरण पूरे रखें और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

