रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। बंगाली समाज की विभिन्न मांगों को लेकर बंगाली कल्याण समिति के बैनर तले समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक शिव अरोरा के आवास का घेराव कर धरना दिया। सूचना मिलने पर विधायक स्वयं प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उनकी मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि आचार संहिता लागू होने से पहले बंग भवन के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बंग भवन निर्माण को लेकर विधायक का बड़ा आश्वासन
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि बंगाली समाज की प्रमुख मांग रुद्रपुर में बंग भवन का निर्माण कराना है। इस संबंध में उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की थी। विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सचिव आवास को बंग भवन के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव आगामी कैबिनेट में रखने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद प्रस्ताव न्याय विभाग को भेजा गया है।
विधायक ने समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि आचार संहिता लागू होने से पहले भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कराकर बंग भवन के टेंडर जारी किए जाएं और भूमि पूजन भी कराया जाए। उन्होंने कहा, “बंग भवन का निर्माण मेरा वादा है और इसे पूरा करने के लिए मैं प्रतिबद्ध हूं।”
स्कूलों में बंगाली भाषा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग
विधायक ने बताया कि बंगाली बहुल क्षेत्रों के इंटर कॉलेजों में बंगाली भाषा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने सचिव शिक्षा को ऐसे क्षेत्रों में बंगाली भाषा के शिक्षकों के पद सृजित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बच्चों की छात्रवृत्ति का मामला भी उठाया
बंगाली समाज की तीसरी प्रमुख मांग बच्चों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने से जुड़ी है। विधायक ने बताया कि इस विषय को भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया है और इस पर प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि हरिचांद-गुरुचांद स्मृति छात्रवृत्ति कोष की राशि बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने का कार्य किया गया है, जिसका लाभ इसी शैक्षणिक सत्र से मिलना शुरू होगा।
प्रतिनिधियों से संवाद कर बताई प्रगति
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बंगाली समाज की मांगों को लेकर सरकार और संबंधित विभागों के स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों को अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि मांगों के समाधान के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, संजय आइस, अर्जुन विश्वास, कार्तिक, मानस बैरागी सहित बंगाली समाज के अनेक प्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद रहे।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

