पंतनगर विश्वविद्यालय में एलुमनी मीट का आयोजन, पूर्व छात्रों ने साझा किए सफलता और अनुभव के सफर

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7।पंतनगर, 21 नवंबर 2026। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में विश्वविद्यालय स्थापना सप्ताह के अंतर्गत एलुमनी मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय एलुमनी अल्मा मेटर एंडोर्समेंट एसोसिएशन (4ए) के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. तेज प्रताप सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. दीपा विनय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. वी.सी. ध्यानी, एलुमनी अल्मा मेटर के सचिव डॉ. अनिल यादव, विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित श्री राजीव शर्मा तथा 4ए द्वारा विशिष्ट एलुमनस पुरस्कार से सम्मानित श्री प्रभात चतुर्वेदी सहित विभिन्न महाविद्यालयों के पूर्व छात्र, अधिष्ठाता, निदेशक, संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एलुमनी मीट का मुख्य उद्देश्य पूर्व छात्रों को उनके शिक्षण संस्थान से दोबारा जोड़ना तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं संस्थागत विकास यात्रा में उनके अनुभवों और योगदान को साझा करने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना रहा।

इस अवसर पर पूर्व कुलपति डॉ. तेज प्रताप ने विश्वविद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक परंपराओं एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व छात्र किसी भी संस्थान की पहचान और प्रतिष्ठा का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास में पूर्व छात्रों की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही जीवन के विभिन्न कार्यक्षेत्रों में सकारात्मक सोच बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के वर्ष 1977 बैच के पूर्व छात्र एवं पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड, भारत सरकार के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री राजीव शर्मा तथा कृषि महाविद्यालय के वर्ष 1999 बैच के पूर्व छात्र एवं राष्ट्रीय शहरी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री प्रभात चतुर्वेदी ने अपने शैक्षणिक जीवन से लेकर व्यावसायिक क्षेत्र तक के अनुभव साझा किए। उन्होंने पूर्व छात्रों और विश्वविद्यालय के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग बनाए रखने पर जोर दिया।

कुलसचिव डॉ. दीपा विनय ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विरासत को आगे बढ़ाने में पूर्व छात्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए संस्थान और पूर्व विद्यार्थियों के बीच मजबूत एवं निरंतर संबंध स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. वी.सी. ध्यानी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विश्वविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों के अनुभव और मार्गदर्शन वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि कुलपति द्वारा हाल ही में विद्यार्थियों के लिए ब्रिज कोर्स प्रारंभ किया गया है, जिसमें विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने में पूर्व छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

उन्होंने विश्वविद्यालय की अवस्थापना सुविधाओं, विशेषकर छात्रावासों के रखरखाव एवं विद्यार्थियों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए पूर्व छात्रों से आर्थिक सहयोग देने का भी अनुरोध किया।

इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओं एवं पूर्व छात्रों के बीच इंटरफेस कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें अधिष्ठाताओं ने विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत एवं पूर्व में कार्य कर चुके एलुमनी से वर्तमान विद्यार्थियों की मेंटरिंग और प्लेसमेंट में सहयोग देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में 4ए के प्रमुख समन्वयक एवं सचिव डॉ. अनिल यादव ने अतिथियों का स्वागत किया तथा एलुमनी मीट के आयोजन के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला।

एलुमनी मीट के माध्यम से विश्वविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच आपसी संवाद, सहयोग, मार्गदर्शन एवं आत्मीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

सत्य संवाद 24×7

सच के साथ, हर वक्त