रुद्रपुर के वार्ड-16 में 25 साल बाद बनेगी हॉटमिक्स सड़क, एक करोड़ से अधिक होंगे खर्च

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 16 में लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू हो गया है। करतारपुर रोड स्थित चतुर्वेदी फार्म से चीमा फार्म तक करीब एक किलोमीटर लंबी हॉटमिक्स सड़क का शुभारंभ नारियल फोड़कर किया गया। एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली इस सड़क की मांग क्षेत्रवासी पिछले करीब 25 वर्षों से कर रहे थे।

महापौर ने किया निर्माण कार्य का शुभारंभ

निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए महापौर का स्वागत किया। इस दौरान महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक विकास कार्य पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। उनका कहना था कि विकास केवल मुख्य मार्गों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर क्षेत्र को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए।

हजारों लोगों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शहर को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान के बाद अब प्राथमिकता के आधार पर हॉटमिक्स सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही सत्संग भवन आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सड़क का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि महापौर के रूप में उनकी प्राथमिकता वर्षों से लंबित जनसमस्याओं का समाधान करना और विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है।

जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी रहे मौजूद

शुभारंभ कार्यक्रम में सत्संग भवन श्री सद्गुरु भगवान दास के सेवादार महेश चंद्र भाटिया, गुलशन जुनेजा, सुनील जुनेजा, गोपाल चड्ढा, राजीव भाटिया, हिमांशु भाटिया, यश अरोरा, सुरेश कुमार, देवेंद्र जुनेजा, स्वयं भाटिया, राकेश डूडेजा और भारत भूषण सिडाना मौजूद रहे।

इसके अलावा भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, वार्ड-16 पार्षद प्रमोद शर्मा, वार्ड-28 पार्षद चिराग कालरा, वरिष्ठ पत्रकार अजय चड्ढा, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, मंडल अध्यक्ष मयंक गौरव जुयाल, प्रवीन यादव, पार्षद पवन राणा, मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी और अक्षय अरोरा, भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष अरुण दीक्षित, अखिलेश चतुर्वेदी, सोनू चीमा और दीपचंद यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त