झनकईया मेले को मिलेगा नया स्वरूप, सीएम धामी ने स्नान घाट निर्माण की घोषणा; 50 हजार नए आवास भी स्वीकृत

खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को झनकईया में आयोजित ऐतिहासिक गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने झनकईया और नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाट निर्माण की घोषणा की। साथ ही सीमांत क्षेत्रों के विकास, जनजातीय परिवारों को आवास और शारदा कॉरिडोर के विस्तार पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत-नेपाल की संस्कृति और परंपराओं का संगम है मेला

मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया का यह पौराणिक मेला लंबे समय से आयोजित होता आ रहा है। यहां आस्था और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है। पीढ़ी दर पीढ़ी लोग इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं और नई पीढ़ी भी मेले से जुड़ रही है।

उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का माध्यम है। भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का अटूट रिश्ता है और दोनों देशों की परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री द्वारा धारचूला के पास नए पुल को जनता को समर्पित किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर संपर्क व्यवस्था के महत्व पर भी जोर दिया।

थारू समाज सहित कई क्षेत्रों के लोग लेते हैं हिस्सा

मुख्यमंत्री ने बताया कि मेले में सीमावर्ती क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के पूरनपुर, गभिया, रामनगर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं, लखीमपुर, मैलानी और सीतापुर से भी बड़ी संख्या में व्यापारी और नागरिक पहुंचते हैं। थारू समाज की भागीदारी मेले को विशेष पहचान देती है। उनके लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक रीति-रिवाज और सांस्कृतिक विरासत आयोजन को समृद्ध बनाते हैं। बंगाली और पंजाबी समाज सहित सभी वर्गों की सहभागिता भी इस मेले की विशेषता है।

सीमांत और जनजातीय परिवारों के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ मेलों, उत्सवों और पारंपरिक आयोजनों को भी प्रोत्साहित कर रही है, ताकि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंच सके। उन्होंने बताया कि अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास सहायता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से जनजातीय परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय ग्राम्य विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के बाद उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आश्रम पद्धति विद्यालय, एकलव्य आवासीय विद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, छात्रावास और बालिका छात्रावास जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास भी जारी हैं।

शारदा कॉरिडोर के तहत घाट और धार्मिक स्थलों का विकास

मुख्यमंत्री ने मेले में बढ़ती भीड़ और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने झनकईया और कालापुल के पास पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाट निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही बनशक्ति मंदिर, भारामल बाबा मंदिर और बनखंडी महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को भी विकसित और आकर्षक बनाने की बात कही।

सरकारी योजनाओं और रोजगार का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू की है और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। उनके अनुसार, अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई के तहत 250 से अधिक मदरसे बंद किए गए हैं और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा कि युवाओं और बेटियों को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार का लक्ष्य हर वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने खरीदी जलेबी और सिंघाड़े

मेले में मुख्यमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते हुए स्थानीय दुकानों से जलेबी और सिंघाड़े भी खरीदे। उन्होंने मेले में पहुंचे लोगों और व्यापारियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा राज्यमंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला कमेटी अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार और निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त