हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह-2026 के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में बुधवार को विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। ‘पुस्तकालयों की पुनर्कल्पना: लोगों, ज्ञान और समाज को जोड़ना’ विषय पर हुई इस संगोष्ठी में डिजिटल युग में पुस्तकालयों की बदलती भूमिका, ज्ञान के लोकतंत्रीकरण और शैक्षणिक संसाधनों को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने की। मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के अंतर्गत इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स (IICA) के नॉलेज रिसोर्स सेंटर की प्रमुख डॉ. लता सुरेश उपस्थित रहीं।
डिजिटल संसाधनों से बदल रही पुस्तकालयों की भूमिका
डॉ. लता सुरेश ने कहा कि वर्तमान समय में पुस्तकालयों की भूमिका केवल पुस्तकों के संग्रह और पठन-पाठन तक सीमित नहीं है। आधुनिक पुस्तकालय ज्ञान, सूचना और अवसरों तक पहुंच उपलब्ध कराने के साथ लोगों और समाज को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं। सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी तथा डिजिटल संसाधनों के माध्यम से पुस्तकालय सेवाओं को अधिक सुलभ और समावेशी बनाया जा सकता है।
विद्यार्थियों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने पर जोर
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने पुस्तकालयों को शैक्षणिक और बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में अध्ययन और ज्ञान अर्जन की संस्कृति विकसित करना जरूरी है। इसके लिए पुस्तकालयों की शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के समापन पर कुलपति ने प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक, बौद्धिक और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. पीडी पंत, प्रो. गगन सिंह, प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट सहित स्कूल ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस के शिक्षक, विभिन्न संकायों के प्राध्यापक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पुस्तकालयों की वर्तमान प्रासंगिकता और ज्ञान को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
