मुंबई (मुंबई)। सत्य संवाद 24×7। मुंबई के होटल फेयरमोंट में आयोजित थर्ड वर्ल्ड मेयर्स फोरम (7वें एशियन सिटीज समिट-2026) में हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने प्रतिभाग कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शहर का प्रतिनिधित्व किया। सम्मेलन में देश-विदेश से पहुंचे महापौरों, नीति निर्माताओं और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों के साथ उन्होंने शहरी विकास और नगर प्रशासन से जुड़े अहम विषयों पर विचार साझा किए। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।
शहरी विकास में एआई और आधुनिक तकनीक पर चर्चा
सम्मेलन के दौरान शहरी शासन को मजबूत बनाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, सतत विकास, स्वच्छता, सर्कुलर इकोनॉमी और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों पर विस्तार से मंथन हुआ। विभिन्न शहरों के प्रतिनिधियों ने बेहतर नगर प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को प्रभावी बनाने के उपायों पर अपने अनुभव साझा किए।
शहरों को नागरिक केंद्रित बनाना समय की जरूरत
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि ऐसे वैश्विक मंच शहरों के विकास के लिए नई सोच और आधुनिक दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाकर शहरों को अधिक सुरक्षित, सुगम और नागरिक केंद्रित बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के बेहतर इस्तेमाल से नगर निकायों की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
जनता के विश्वास से मिला प्रतिनिधित्व का अवसर
महापौर ने हल्द्वानी की जनता का आभार जताते हुए कहा कि शहरवासियों के विश्वास और आशीर्वाद से ही उन्हें महापौर के रूप में सेवा करने का अवसर मिला है। इसी विश्वास के बल पर वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हल्द्वानी का प्रतिनिधित्व कर शहर के अनुभव और यहां के मुद्दों को साझा कर पा रहे हैं।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
