पटवारियों की हड़ताल के बीच जनता को राहत, अब संग्रह अमीन जारी करेंगे आय-जाति और निवास प्रमाण पत्र

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। पटवारियों की हड़ताल के चलते आय, जाति और स्थायी निवास सहित जरूरी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परेशान हो रहे लोगों को राहत मिलने जा रही है। महापौर विकास शर्मा की पहल पर जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने वैकल्पिक व्यवस्था लागू करते हुए संग्रह अमीनों को प्रमाण पत्र जारी करने के लिए अधिकृत कर दिया है। इससे विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों के लंबित आवेदनों के निस्तारण का रास्ता साफ होगा।

हड़ताल से अटके थे लोगों के जरूरी काम

पटवारियों की हड़ताल के कारण तहसीलों में विभिन्न प्रमाण पत्रों के आवेदन और उनके निस्तारण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। इसका सबसे अधिक असर उन विद्यार्थियों और युवाओं पर पड़ रहा था, जिन्हें प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए तय समय सीमा में प्रमाण पत्र जमा करने हैं।

इसके अलावा आय, जाति और स्थायी निवास प्रमाण पत्र की जरूरत वाले आम नागरिकों के भी कई जरूरी काम अटक रहे थे। लोगों को प्रमाण पत्रों के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।

महापौर ने डीएम के सामने उठाया मामला

जनता की परेशानी को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से वार्ता कर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में बाधा का खामियाजा आम लोगों, खासकर विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों को नहीं भुगतना चाहिए।

महापौर ने आग्रह किया कि पटवारियों की हड़ताल के दौरान प्रमाण पत्र जारी करने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों के जरूरी काम प्रभावित न हों।

संग्रह अमीनों को मिले आईडी-पासवर्ड

महापौर की पहल पर जिलाधिकारी ने प्रमाण पत्र जारी करने के लिए संग्रह अमीनों को अधिकृत करने का निर्णय लिया। इसके तहत पटवारियों द्वारा तहसीलदार को सौंपे गए आईडी और पासवर्ड संग्रह अमीनों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने प्रशासन को तात्कालिकता के आधार पर सभी प्रकार के प्रमाण पत्र जारी करने और लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है।

विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों को मिलेगी राहत

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। प्रशासनिक कारणों से किसी भी नागरिक, विशेषकर विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी से वार्ता कर प्रमाण पत्र जारी करने की वैकल्पिक व्यवस्था कराई गई है, जिससे जरूरतमंद लोगों को राहत मिलेगी।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त