रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने संविधान के मूल्यों, समानता, न्याय और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
संविधान लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला: महापौर विकास शर्मा
कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने वंचित और शोषित वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया।
महापौर ने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज को शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
संविधान के मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी
जिला महामंत्री तरुण दत्ता ने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान किया। उनके विचारों को आत्मसात करना और संविधान की मूल भावना की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाया जाएगा। इस दौरान सामाजिक समरसता को मजबूत करने और संविधान के मूल्यों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प भी लिया गया।
भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, योगेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, काशीपुर सह प्रभारी भारत भूषण चुग, मोर सिंग, के.के. त्रिपाठी, रचित सिंह, अभिषेक तिवारी, स्वाति शर्मा, पिंकी चतुर्वेदी, प्रीति सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
