पंतनगर विश्वविद्यालय में ‘एग्रीकॉन एआई-2026’ का आगाज, कृषि शिक्षा और शोध में AI के इस्तेमाल पर देशभर के विशेषज्ञों का मंथन

पंतनगर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में गुरुवार, 26 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन एवं कार्यशाला ‘एग्रीकॉन एआई-2026’ का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय पुस्तकालय, कॉलेज ऑफ एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट (सीएबीएम), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के कृषि शिक्षा प्रभाग और एसोसिएशन ऑफ एग्रीकल्चरल लाइब्रेरियन्स एंड डॉक्यूमेंटलिस्ट्स ऑफ इंडिया (एएलडीआई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में देश के लगभग 15 राज्यों से 150 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।

सम्मेलन का मुख्य विषय ‘नेक्स्ट जनरेशन लाइब्रेरी: ड्राइविंग एआई इन एजुकेशन, रिसर्च एंड एक्सटेंशन’ रखा गया है। इसमें कृषि शिक्षा, अनुसंधान, प्रसार और पुस्तकालय सेवाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ सम्मेलन का शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईसीएआर के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) डॉ. यशपाल सिंह मलिक, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप, एएलडीआई अध्यक्ष डॉ. बी.पी. सिंह और विश्वविद्यालय पुस्तकालय के प्रभारी अधिकारी डॉ. एस.सी. त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

संविधान दिवस के अवसर पर अतिथियों और प्रतिभागियों को संविधान की प्रस्तावना के प्रति निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद सम्मेलन की स्मारिका और शोध पत्रों के संकलन का विमोचन किया गया।

कृषि अनुसंधान में AI की भूमिका होगी महत्वपूर्ण: डॉ. मलिक

मुख्य अतिथि डॉ. यशपाल सिंह मलिक ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने की क्षमता रखती है। कृषि क्षेत्र में दशकों से उपलब्ध शोध और आंकड़ों का विश्लेषण AI के माध्यम से कम समय में किया जा सकता है। इससे नई तकनीकों और नीतियों के विकास में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि ज्ञान, रचनात्मकता और नवाचार के केंद्र हैं। वर्तमान समय में इन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आईसीएआर भविष्य में भी विश्वविद्यालय के साथ सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने सम्मेलन से ऐसे व्यावहारिक सुझाव और कार्ययोजना तैयार करने का आह्वान किया, जिन्हें कृषि शिक्षा व्यवस्था में लागू किया जा सके।

शिक्षकों को AI का प्रशिक्षण दे रहा विश्वविद्यालय

कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय देश का पहला कृषि विश्वविद्यालय होने के साथ कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय स्थापना के समय से ही ज्ञान और बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में सभी शिक्षकों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर सात दिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 95 प्रतिशत शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। अब उन्नत प्रशिक्षण की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन से कृषि पुस्तकालयों और सूचना सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए उपयोगी सुझाव मिलेंगे।

विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया AI आधारित ‘लाइव-हाई’ एप

सम्मेलन के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विकसित AI आधारित मोबाइल एप्लीकेशन ‘लाइव-हाई’ का प्रदर्शन भी किया गया। इसे पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. अमन कम्बोज और डॉ. रूओकुओबेनुओ हुओझा के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है।

यह एप तापमान एवं आर्द्रता सूचकांक (THI) और पशुओं के शारीरिक मापदंडों के आधार पर उनमें गर्मी तथा ठंड से होने वाले तनाव की पहचान करने में सहायक है। इसके माध्यम से पशुपालकों और पशु चिकित्सकों को पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी करने और समय रहते आवश्यक उपाय करने में मदद मिल सकेगी। विद्यार्थियों ने बताया कि एप के लिए कॉपीराइट आवेदन भी किया गया है। मुख्य अतिथि ने इस नवाचार की सराहना की।

पुस्तकालय में 4.30 लाख से अधिक पुस्तकें और ई-संसाधन

विश्वविद्यालय पुस्तकालय के प्रभारी अधिकारी डॉ. एस.सी. त्रिपाठी ने स्वागत संबोधन में कहा कि आधुनिक पुस्तकालय अब केवल पुस्तकों के संग्रह और वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, अनुसंधान और ज्ञान के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण आधार बन चुके हैं। AI के जरिए सूचना खोजने, शोध सामग्री का विश्लेषण करने और ज्ञान के प्रसार को अधिक सरल बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय पुस्तकालय में लगभग 4.30 लाख पुस्तकें, पत्रिकाएं और ई-संसाधन उपलब्ध हैं। इसके अलावा यहां 25,700 से अधिक शोध प्रबंध और शोध पत्र भी मौजूद हैं।

59 शोध पत्र सम्मेलन की कार्यवाही में प्रकाशित

आयोजन सचिव डॉ. के.पी. सक्सेना ने बताया कि सम्मेलन के लिए कुल 85 सारांश प्राप्त हुए, जिनमें से 59 पूर्ण शोध पत्र सम्मेलन की कार्यवाही में प्रकाशित किए गए हैं। देश के विभिन्न संस्थानों से लगभग 150 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। सम्मेलन में AI और पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र के करीब 20 विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।

दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में तकनीकी सत्रों, कार्यशालाओं, शोध पत्र प्रस्तुतियों और परिचर्चाओं के माध्यम से कृषि पुस्तकालयों में AI के उपयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. दीपा विनय, अधिष्ठाता प्रौद्योगिकी डॉ. आर.पी.एस. गंगवार, अधिष्ठाता मत्स्य विज्ञान डॉ. अवधेश कुमार, संस्थापनाधिकारी डॉ. श्रीराम, यूसीबी के निदेशक डॉ. संजय शर्मा सहित आयोजन समिति के सदस्य, विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों और संस्थानों के प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में आयोजन सचिव ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थानों, प्रायोजकों, आयोजन समिति, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त