पंतनगर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर ने अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के पूर्व युवा वैज्ञानिक डॉ. यशपाल सिंह डसीला द्वारा विकसित कैल्शियम फॉस्फेट नैनोपार्टिकल्स आधारित सबयूनिट नैनोवैक्सीन को भारतीय पेटेंट कार्यालय से पेटेंट स्वीकृत हुआ है। यह नैनोवैक्सीन टाइफाइड बुखार के कारक बैक्टीरिया साल्मोनेला टाइफी के विरुद्ध विकसित की गई है।

पीएचडी शोध से मिली उपलब्धि
यह पेटेंट डॉ. यशपाल सिंह डसीला के पीएचडी शोध का परिणाम है। उन्होंने यह शोध विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रोफेसर ममतेश कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में पूरा किया। इस शोध को पेटेंट मिलने से विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक अनुसंधान को नई पहचान मिली है।
कई वैज्ञानिकों का रहा योगदान
इस उपलब्धि में विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शोध टीम में डॉ. अंजनी सक्सेना, डॉ. जी.के. सिंह, डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, डॉ. मीना मृगेश, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. मंजुल कंडपाल, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. ए.के. उपाध्याय और डॉ. अमित कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
कुलपति ने दी शोध टीम को बधाई
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. डी. कुमार, निदेशक शोध डॉ. एस.के. वर्मा और विश्वविद्यालय परिवार ने डॉ. डसीला, प्रो. एम.के. सक्सेना तथा पूरी शोध टीम को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को शोध, नवाचार और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता बताया। साथ ही उम्मीद जताई कि इससे युवा शोधकर्ताओं को नई प्रेरणा मिलेगी।
पहले भी विकसित कर चुके हैं ओरल वैक्सीन
डॉ. यशपाल सिंह डसीला वर्ष 2020 से 2023 तक विश्वविद्यालय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), भारत सरकार की वित्तपोषित परियोजना में प्रधान अन्वेषक और युवा वैज्ञानिक के रूप में कार्य कर चुके हैं। प्रो. एम.के. सक्सेना के मार्गदर्शन में संचालित इस परियोजना के दौरान उन्होंने कुक्कुट साल्मोनेलोसिस रोग के लिए ओरल वैक्सीन विकसित की थी। इस शोध से संबंधित पेटेंट भी दाखिल किया जा चुका है और फिलहाल विचाराधीन है।
टाइफाइड रोधी नैनोवैक्सीन को पेटेंट मिलने से पंतनगर विश्वविद्यालय के शोध कार्यों को नई पहचान मिली है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की वैज्ञानिक टीम के सामूहिक प्रयासों और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
