काठगोदाम (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए काठगोदाम क्षेत्र में एक युवक को 10 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। एसओजी और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने 24 नवंबर को कैनाल रोड पर चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा।

कैनाल रोड पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर मिशन ड्रग फ्री देवभूमि और ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम कैनाल रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले भास्कर तिवारी उर्फ भानु (32), निवासी सेंट पॉल स्कूल के पीछे, काठगोदाम की तलाशी ली गई। पुलिस को उसके कब्जे से 10 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
ब्लिंकिट में करता था डिलीवरी का काम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता था। नौकरी छूटने के बाद पैसों के लालच में वह कथित तौर पर स्मैक तस्करी करने लगा। आरोपी के अनुसार, वह बनभूलपुरा रेलवे फाटक के पास से स्मैक खरीदकर लाया था।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किन लोगों से स्मैक खरीदता था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाता था।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
