रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व पर विधायक शिव अरोरा ने मुख्य बाजार स्थित गोल मार्केट गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंचकर मत्था टेका। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान विधायक ने गुरुद्वारे में आयोजित अमृत वचन समागम में संगत के साथ शामिल होकर गुरु महाराज के पावन उपदेशों का श्रवण किया।
प्रबंधक कमेटी ने सरोपा भेंटकर किया सम्मानित
गुरुद्वारा सिंह सभा की प्रबंधक कमेटी की ओर से विधायक शिव अरोरा को सरोपा और गुरु साहिब का चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। विधायक ने कमेटी और संगत का आभार जताते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा के संदेश को आत्मसात करने का अवसर है।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं समाज को दिखाती हैं सही राह
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बाबा नानक की शिक्षाएं आज भी समाज को सेवा, सिमरन और आपसी सद्भाव की प्रेरणा देती हैं। सभी को गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलते हुए सेवाभाव से कार्य करना चाहिए और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की कृपा और आशीर्वाद से रुद्रपुर निरंतर तरक्की और खुशहाली की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपनाकर समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
संगत और गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर जोगेंद्र सिंह, अजमेर सिंह, जीत सिंह, हरजिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, हरपाल सिंह, गुरदीप गाबा, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, राजेश कामरा, पियूष भाटिया, विजय कुमार, मयंक कक्कड़ और वासु गुम्बर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
