पुलभट्टा (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। ऊधमसिंह नगर जिले में एक ही रात कई शराब की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंग के मुख्य आरोपी खुश मोहम्मद उर्फ खुशी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मारुति सुजुकी बलेनो कार और करीब चार हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एक ही रात में कई थाना क्षेत्रों में हुई चोरी
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को पुलभट्टा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के लाइसेंसधारी मुन्ना सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि रात के समय अज्ञात चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। इस मामले में थाना पुलभट्टा में मुकदमा अपराध संख्या 183/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि उसी रात गैंग ने सितारगंज, पुलभट्टा, किच्छा, ट्रांजिट कैंप और रुद्रपुर थाना क्षेत्रों में स्थित शराब की दुकानों को भी निशाना बनाया था।
सीसीटीवी फुटेज से मिला कार का सुराग
लगातार हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी ने एसपी रुद्रपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। टीम ने संबंधित थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सभी घटनाओं में एक ही गैंग की संलिप्तता सामने आई। फुटेज में वारदातों के दौरान मारुति सुजुकी बलेनो कार का इस्तेमाल होता दिखाई दिया।
जांच में यह भी पता चला कि इसी कार सवार गैंग ने नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भी एक दुकान में चोरी की थी। पुलिस ने संदिग्धों के फोटो तैयार कर आसपास के जिलों और उत्तर प्रदेश में साझा किए। जांच के आधार पर आरोपियों के गाजियाबाद निवासी होने की जानकारी मिली।
गाजियाबाद से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम को गाजियाबाद भेजा गया, जहां कार्रवाई करते हुए खुश मोहम्मद उर्फ खुशी पुत्र स्वर्गीय सुख उर्फ जरीफ, निवासी भोजपुर, जिला गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल बलेनो कार और करीब चार हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में दो अन्य साथियों के नाम बताए
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई आस मोहम्मद उर्फ आंसू और उसके दोस्त कार्तिक शर्मा पुत्र प्रमोद शर्मा तथा अतुल त्यागी पुत्र सुरेंद्र त्यागी के नाम बताए हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी गाजियाबाद के निवासी हैं और कथित तौर पर चोरी की घटनाओं में शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित आपराधिक रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है।
उपनिरीक्षक ओमप्रकाश नेगी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
इस मामले के खुलासे और गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश नेगी के नेतृत्व में थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
