लक्सर नदी हादसा: एक युवक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

लक्सर (हरिद्वार)। सत्य संवाद 24×7। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में भीकमपुर के पास नदी में डूबे तीन युवकों में से एक का शव एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय सूरज सिंह पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। वहीं, लापता दो अन्य युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी है।

24 नवंबर को नदी में डूबे थे तीन युवक

जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को थाना लक्सर से नदी में तीन युवकों के डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट बहादराबाद से उपनिरीक्षक दीपक सामंत के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। देर तक खोजबीन के बावजूद युवकों का पता नहीं चल सका।

दूसरे दिन बरामद हुआ सूरज का शव

25 नवंबर को जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर एसडीआरएफ ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह से ही जवानों ने नदी में तलाश अभियान चलाया। इस दौरान 19 वर्षीय सूरज सिंह का शव बरामद कर लिया गया।

एसडीआरएफ टीम ने आवश्यक कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, नदी में लापता अन्य दो युवकों की तलाश लगातार जारी है।

शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त