रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल से जुड़े कथित अभद्र टिप्पणी विवाद ने अब सार्वजनिक अभियान का रूप ले लिया है। पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने इस मामले को महिला सम्मान और अस्मिता से जोड़ते हुए न्याय की मांग के साथ घर-घर जनसंपर्क शुरू किया है। गुरुवार को उन्होंने ट्रांजिट कैंप की नारायण कॉलोनी से अभियान की शुरुआत की और स्थानीय महिलाओं के बीच अपना पक्ष रखा।
कथित वीडियो को लेकर दर्ज हुई थी एफआईआर
दरअसल, सोशल मीडिया पर राजकुमार ठुकराल का मीना शर्मा के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी वाला वीडियो वायरल हुआ था। ठुकराल ने वीडियो को एआई जनरेटेड बताया था। इस मामले में मीना शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
वॉइस सैंपल को लेकर भी बढ़ा विवाद
मीना शर्मा ने तीन दिन पहले एसएसपी से मुलाकात कर एफआईआर में हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी थी। इसके बाद सीओ विभव सैनी ने बताया था कि पूर्व विधायक ठुकराल को वॉइस सैंपल देने के लिए दो बार नोटिस भेजे गए, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक बयानबाजी और पोस्टर वार भी शुरू हो गया।
नारायण कॉलोनी में महिलाओं के सामने रखा पक्ष
गुरुवार को नारायण कॉलोनी में आयोजित सभा में मीना शर्मा ने महिलाओं के सामने अपना पक्ष रखते हुए न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि वह भगवान के साथ-साथ जनता से भी न्याय की उम्मीद रखती हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने घर-घर संपर्क अभियान शुरू किया है।
मीना शर्मा ने कहा कि उन्हें भगवान नारायण पर पूरा भरोसा है। इसी आस्था के चलते उन्होंने न्याय की गुहार लगाने के लिए अभियान की शुरुआत नारायण कॉलोनी से की।
राजनीतिक पृष्ठभूमि के बीच तेज हुई हलचल
मीना शर्मा वर्ष 2022 में कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। बाद में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। वहीं, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कथित टिप्पणी विवाद को लेकर मीना शर्मा के जनसंपर्क अभियान ने रुद्रपुर की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
