देहरादून (देहरादून)। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं 7 दिसंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल की मौजूदगी में नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चुनाव ड्यूटी के लिए 22 हजार कार्मिकों की जरूरत
जिलाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए जनपद में करीब 22 हजार कार्मिकों की आवश्यकता होगी। अब तक 14,800 कर्मचारियों का डेटा संकलित किया जा चुका है। जिन विभागों ने अभी तक अपने कर्मचारियों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है, उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव ड्यूटी से छूट मांगने वाले कर्मचारियों की मेडिकल जांच के लिए समिति गठित करने की भी तैयारी है।
टेंट, बैरिकेडिंग, लेखन सामग्री, भोजन, वीडियो और फोटोग्राफी सहित निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं की टेंडर प्रक्रिया 7 दिसंबर तक पूरी करने को कहा गया है।
देहरादून जिले की 10 विधानसभा सीटों पर कुल 2,045 पोलिंग बूथ निर्धारित किए गए हैं। इनमें 765 ग्रामीण और 1,279 शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं। सभी मतदेय स्थलों पर बिजली, पेयजल, फर्नीचर, रैंप, शेड और नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता जांची जाएगी।
इसके लिए 50 जोनल और 230 सेक्टर अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीमाओं पर चेकपोस्ट, निगरानी टीमों का होगा गठन
निर्वाचन के दौरान नकदी, शराब और मादक पदार्थों की अवैध आवाजाही रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), वीडियो सर्विलांस टीम (VST), वीडियो व्यूइंग टीम (VVT), मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति और निर्वाचन व्यय लेखा टीमों के गठन तथा प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
कम मतदान वाले बूथों पर चलेगा जागरूकता अभियान
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों पर विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ऐसे मतदान केंद्रों को भी चिह्नित किया जाएगा, जहां पुरुषों या महिलाओं का मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा है। इसके आधार पर क्षेत्रवार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
पोलिंग पार्टियों और मतगणना की भी बनेगी माइक्रो प्लानिंग
जिलाधिकारी ने पोलिंग पार्टियों की आवाजाही, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर सात दिन के भीतर विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। चुनाव कार्मिकों को तीन चरणों में प्रशिक्षण देने की कार्ययोजना भी बनाई जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित निर्वाचन कार्यों के लिए नियुक्त नोडल और सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
