मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतर-महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज, 14 कॉलेजों के खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के तत्वावधान में मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुमाऊँ विश्वविद्यालय की दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालयी पुरुष एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने किया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध 14 महाविद्यालयों के खिलाड़ी विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतर-महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज, 14 कॉलेजों के खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

कुलपति ने खिलाड़ियों को दिया खेल भावना का संदेश

उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में कुमाऊँ विश्वविद्यालय के बायोमेडिकल साइंसेज संकाय के डीन प्रो. महेन्द्र राणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह ने की। इस दौरान विश्वविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी डॉ. संतोष कुमार, पूर्व क्रीड़ाधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा और प्रतियोगिता की आयोजक सचिव एवं शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. रुचि साह भी मंच पर मौजूद रहीं।

कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह ने अतिथियों, टीम प्रबंधकों और खिलाड़ियों का स्वागत किया, जबकि आयोजन सचिव डॉ. रुचि साह ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की।

14 महाविद्यालयों की टीमें ले रही हैं हिस्सा

प्रतियोगिता में एस.बी.एस. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर के साथ डी.एस.बी. परिसर नैनीताल, राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता, खटीमा, बाजपुर, हल्द्वानी शहर, कोटाबाग, एम.आई.ई.टी. हल्द्वानी, एम.बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्दूचौड़, पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर, राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय काशीपुर, पाल कॉलेज हल्द्वानी और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सितारगंज की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

ट्रैक और फील्ड की कई स्पर्धाओं में होगा मुकाबला

दो दिवसीय आयोजन के दौरान 100 से 10,000 मीटर तक की दौड़, बाधा दौड़, मैराथन, 20 किलोमीटर पैदल चाल और रिले रेस जैसी ट्रैक स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं लंबी कूद, तिहरी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक और हैमर थ्रो में भी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।

पहले दिन इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

प्रतियोगिता के पहले दिन चार फील्ड स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने पदक अपने नाम किए।

  • हैमर थ्रो: एस.बी.एस. महाविद्यालय रुद्रपुर के अर्श यादव ने स्वर्ण, डी.एस.बी. परिसर नैनीताल के अभय शर्मा ने रजत और एस.बी.एस. महाविद्यालय के निहाल श्रीवास्तव ने कांस्य पदक जीता।
  • डिस्कस थ्रो: पी.एन.जी. महाविद्यालय रामनगर के समीर अहमद ने स्वर्ण, एम.बी. महाविद्यालय हल्द्वानी के सचिन कोश्यारी ने रजत और राधेहरि महाविद्यालय काशीपुर के रोहित सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया।
  • शॉट पुट: एम.बी. महाविद्यालय हल्द्वानी के सचिन कौशिक ने स्वर्ण, डी.एस.बी. परिसर नैनीताल के अभय शर्मा ने रजत और राधेहरि महाविद्यालय काशीपुर के रजत कम्बोज ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
  • लंबी कूद: राधेहरि महाविद्यालय काशीपुर के वंश राणा ने स्वर्ण, राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता के जतिन राणा ने रजत और एम.बी. महाविद्यालय हल्द्वानी के अर्जुन आर्या ने कांस्य पदक जीता।

शनिवार को होंगी शेष स्पर्धाएं

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार, 28 नवंबर को शेष स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। समारोह का संयुक्त मंच संचालन श्री सुरेश चंद्र पांडे और प्रो. नीलोफर अख्तर ने किया। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों से आए टीम मैनेजर, कोच, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त