हल्द्वानी में PCS परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी, 26 केंद्रों पर 10,890 अभ्यर्थी देंगे इम्तिहान; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित पीसीएस-2026 परीक्षा रविवार को हल्द्वानी के 26 परीक्षा केंद्रों पर होगी। इसमें कुल 10,890 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को नगर निगम सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं रहेंगी सख्त

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने के लिए बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ ही परीक्षार्थियों के ठहरने की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

दो पालियों में होगी परीक्षा

सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने बैठक में परीक्षा की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि पीसीएस-2026 की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से शुरू होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से आयोजित की जाएगी।

प्रत्येक केंद्र पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट

परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा पुलिस विभाग को सभी केंद्रों और उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का प्रयास है कि 10,890 अभ्यर्थी बिना किसी असुविधा के परीक्षा में शामिल हो सकें और पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न हो।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त