रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा द्वारा जाम से मुक्ति की तैयारी सुरु सीएम की घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए तेज हुई कवायद, महापौर ने किया स्थलीय निरीक्षण

ख़बर शेयर करें

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शहर के विकास के लिए की गई घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने प्रशासनिक अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग और भारी पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शहर को जाम मुक्त करने की दिशा में नगर निगम ने किच्छा बाईपास और गंगापुर रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खोखे व अतिक्रमण हटाए। जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाकर सामान जब्त किया गया। निगम टीम ने अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर की सड़कों पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

इसके बाद संयुक्त टीम ने भूरारानी मार्ग तथा अटरिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक प्रस्तावित मिनी बाईपास मार्ग का निरीक्षण किया। वर्षों से बंद पड़ी इस सड़क को खोलकर मिनी बाईपास के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा। अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

महापौर ने बताया कि भूरारानी रोड और गंगापुर रोड का चौड़ीकरण भी लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा। दोनों सड़कों को डिवाइडर युक्त बनाया जाएगा, जिससे हजारों लोगों को जाम से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल शिव कॉरिडोर भी जल्द आकार लेगा। मानसखंड कॉरिडोर योजना के तहत गोलज्यू मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़कर एक भव्य आध्यात्मिक केंद्र विकसित किया जाएगा। इससे शहर को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।

इसके अलावा खेड़ा क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर पर्यावरण मित्रों के लिए आधुनिक आवास बनाए जाने की योजना है। इसके लिए नगर निगम से विस्तृत प्रस्ताव मांगा गया है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रुद्रपुर से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में शहर विकास के स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी परियोजनाएं रुद्रपुर की दशा और दिशा बदल देंगी।

ब्यूरो रिपोर्ट सत्य संवाद 24X7 रुद्रपुर उत्तराखंड


ख़बर शेयर करें