रुद्रपुर। रुद्रपुर शहर में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। महापौर विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से शहर की महत्वाकांक्षी ड्रेनेज परियोजना की लगभग ₹449 करोड़ की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है।
महापौर ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान सिंचाई विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने पूरे शहर का व्यापक सर्वेक्षण कर लगभग ₹480 करोड़ की ड्रेनेज योजना तैयार की थी। इस योजना के अंतर्गत शहर को दो जोनों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में लगभग ₹184 करोड़ की राशि स्वीकृति के लिए वित्त विभाग को भेजी गई है, जबकि दूसरे चरण में लगभग ₹255 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 61 नालों का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा, जिनमें 20 से अधिक नए नालों का निर्माण शामिल है। साथ ही करीब 67 किलोमीटर लंबा आधुनिक ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिससे शहर के जल निकासी तंत्र को मजबूत बनाया जाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद फुलसुंगा, ट्रांजिट कैंप, संजय नगर, खेड़ा, मुख्य बाजार, गांधी पार्क, भूरारानी, आर्यनगर सहित उन सभी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा, जो हर वर्ष बारिश के दौरान प्रभावित होते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने रुद्रपुर की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए योजना को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में अमरनाथ यात्रा पर मौजूद महापौर ने कहा कि यह योजना रुद्रपुर के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है और इसके सफल क्रियान्वयन से शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
(सत्य संवाद 24×7)रुद्रपुर ऊधमसिंह नगर उत्तराखंड
