रुद्रपुर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गंगापुर रोड स्थित कौशल्या प्लाजा परिसर में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन पतंजलि महिला योग समिति से जुड़ी वरिष्ठ योग प्रशिक्षिका श्रीमती चंद्रकला बम एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों से बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
आज की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग को स्वास्थ्य संरक्षण का प्रभावी माध्यम माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देश और दुनिया में आयोजित कार्यक्रमों के साथ रुद्रपुर में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक योग दिवस मनाया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।
श्रीमती चंद्रकला बम वर्ष 2021 से पतंजलि महिला योग समिति से जुड़ी हुई हैं और निरंतर योग प्रशिक्षण कार्य में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने संगठन में ग्राम प्रभारी, तहसील प्रभारी सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में उनके मार्गदर्शन में ऊधम सिंह नगर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन 15 से अधिक योग शिविर संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। उन्होंने लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि श्रीमती चंद्रकला बम पिछले तीन वर्षों से लगभग 200 से 300 लोगों को नियमित रूप से योगाभ्यास का प्रशिक्षण देकर समाज को निरोग बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उनके प्रयासों से अनेक लोग योग से जुड़कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रेमा चंद, रूबी चौधरी, सत्येन्द्र कुमार, रेखा चंद, वैभवी चंद, ममता तोमर, सतेश्वरी गौड़, शैलजा सिंह, रवीन्द्र सिंह, कमला मेहरा, पूजा, सुधा, पिंकी यादव, गीतांजलि, धीरजा बिष्ट, नीमा बिष्ट, सीमा गंगवार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
सत्य संवाद 24×7 रुद्रपुर ऊधमसिंह नगर ।
