रुद्रपुर, 19 जुलाई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद ऊधमसिंह नगर में 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
संभावित भारी वर्षा के कारण नदियों, नालों एवं बरसाती जलधाराओं के जलस्तर में वृद्धि तथा बाढ़ जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर ने जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों (नर्सरी से कक्षा 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही सभी संबंधित विभागों, तहसीलों एवं विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
— सत्य संवाद 24×7, रुद्रपुर
