रामनगर, 22 अक्टूबर 2026। सत्य संवाद 24×7। जनपद नैनीताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलपड़ाव, पीरुमदारा और कानिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, लेबर रूम, वार्ड, फार्मेसी और अभिलेखों की जांच कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने लेबर रूम और रेफरल रजिस्टर को व्यवस्थित रखने, परिवार कल्याण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ई-औषधि पोर्टल पर दवाओं के स्टॉक और वितरण का रिकॉर्ड नियमित अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने बायोमेडिकल वेस्ट का नियमानुसार निस्तारण और कोल्ड चेन का उचित रखरखाव करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि रेफर किए जाने वाले मरीजों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उच्च स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया जाए। वहीं, प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए खुशियों की सवारी सेवा का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
डॉ. पंत ने स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहे निर्माण और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने आवश्यकतानुसार व्हाइटवॉश कराने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
ईजा-बोई और जननी सुरक्षा योजना की जानकारी देने पर जोर
सीएमओ ने आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र भ्रमण के दौरान गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव, आर्थिक सहायता तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दें। उन्होंने ईजा-बोई योजना और जननी सुरक्षा योजना (JSY) का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जननी सुरक्षा योजना के तहत पात्र महिलाओं को ग्रामीण क्षेत्र में प्रसव पर 1,400 रुपये और शहरी क्षेत्र में प्रसव पर 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अतिरिक्त, प्रसव के बाद महिला के 48 घंटे अस्पताल में रुकने पर तीमारदार को 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दो दिन के लिए कुल 600 रुपये की सहायता संबंधी जानकारी भी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
मरीजों से संवेदनशीलता और सम्मान के साथ पेश आएं कर्मचारी
डॉ. रश्मि पंत ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज और उसके तीमारदार के साथ सम्मानजनक, संवेदनशील और सुलभ व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सीएमओ ने अधिकारियों को साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, अभिलेखों के रखरखाव और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सत्य संवाद 24×7

