पत्नी से विवाद के बाद बिंदुखत्ता में युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

लालकुआं (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7।बिंदुखत्ता के घोड़ानाला क्षेत्र में पत्नी से कहासुनी के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक ने घर के एक कमरे में फंदा लगा लिया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बरेली जिले के फरीदपुर स्थित होली चौराहा निवासी 37 वर्षीय राजेश फल-सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पिछले करीब तीन माह से अपनी पत्नी के साथ बिंदुखत्ता के घोड़ानाला क्षेत्र स्थित ससुराल में रह रहा था।

Advertisement

बताया गया कि बीते दिन राजेश शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान पत्नी के टोकने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद राजेश गुस्से में दूसरे कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन

काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ा। अंदर राजेश दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी मोर्चरी भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त