खटीमा में छठ महोत्सव में शामिल हुए सीएम धामी, छठ घाट के सौंदर्यीकरण का किया लोकार्पण; विकास कार्यों का भी गिनाया खाका

खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार देर शाम खटीमा में पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 14 स्थित संजय रेलवे पार्क के पास छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण कर इसे श्रद्धालुओं को समर्पित किया।

खटीमा में छठ महोत्सव में शामिल हुए सीएम धामी, छठ घाट के सौंदर्यीकरण का किया लोकार्पण; विकास कार्यों का भी गिनाया खाका खटीमा में छठ महोत्सव में शामिल हुए सीएम धामी, छठ घाट के सौंदर्यीकरण का किया लोकार्पण; विकास कार्यों का भी गिनाया खाका

Advertisement

छठ महापर्व आस्था, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक: सीएम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण से सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल सेवा समिति और आयोजन से जुड़े स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है।

उन्होंने कहा कि उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन में संघर्ष और समर्पण का सम्मान करने का संदेश देती है। यह पर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को जोड़ते हुए विविधता में एकता की सुंदर मिसाल पेश करता है।

खटीमा में 300 करोड़ से अधिक का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। खटीमा में आस्था के सम्मान के साथ जनसुविधाओं के विस्तार के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि खटीमा में हर साल होने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है। इसका भूमिपूजन जल्द किया जाएगा। इसके अलावा खटीमा चौराहे से मेलाघाट रोड तक हॉटमिक्स कार्य, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण, मजोला रोड और नानकसागर से 17 मील तक करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण के कार्य प्रगति पर हैं।

सीमावर्ती गांवों और धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि सीमावर्ती गांवों को देश के ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। मेलाघाट, सिसैया और नगला तराई जैसे गांवों के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र में भी सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास के कार्य कराए गए हैं।

उन्होंने बताया कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की नई इमारत तैयार हो चुकी है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए केंद्रीय मंत्री की ओर से 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की घोषणा की गई है। इसके साथ ही आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बाईपास और अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना जैसे कार्य भी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने चकरपुर स्थित वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये स्थल भविष्य में बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित हो सकते हैं।

समिति के पदाधिकारियों और चिकित्सक को किया सम्मानित

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समिति के पदाधिकारियों और एक चिकित्सक को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पूर्वांचल सेवा समिति अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, महेंद्र प्रताप, प्रकाश चंद तिवारी, रणजीत सिंह नामधारी, अंकित पांडेय, कमला सिंह, एसके पटेल, अजय प्रताप सिंह, नरेश यादव, अशोक सिंह, रंजना सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त