हल्द्वानी: मोटाहल्दू बाइपास पर दर्दनाक हादसा, बिजली के पोल से टकराई बाइक; 22 वर्षीय युवक की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

चार महीने पहले रोजगार की तलाश में आया था हल्द्वानी, दोनों भाइयों की शादी थी तय; हादसे ने परिवार को गम में डुबोया

सत्यसंवाद24×7 |लालकुआं क्षेत्र के मोटाहल्दू बाइपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। घर में चल रही शादी की तैयारियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

Advertisement

रेस्टोरेंट में कुक का काम करता था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महेंद्र कुमार पुत्र किशन राम मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के ग्राम गल्ली, पोस्ट कफलनी, दन्या का निवासी था। महेंद्र करीब चार महीने पहले रोजगार की तलाश में हल्द्वानी आया था और रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में कुक का काम कर रहा था।

बताया जा रहा है कि महेंद्र रामपुर रोड से मोटाहल्दू बाइपास होते हुए बरेली रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक मकान के बाहर लगे बिजली के पोल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

दोनों भाइयों की शादी थी तय, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि महेंद्र कुमार की शादी तय हो चुकी थी। उसके बड़े भाई बसंत कुमार ने अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की। परिजनों के अनुसार, दोनों भाइयों की शादी एक साथ तय हुई थी और घर में मांगलिक कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही थीं।

लेकिन मोटाहल्दू बाइपास पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को उजाड़ दिया। जिस घर में शादी की शहनाइयां बजने की तैयारी थी, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है।

महेंद्र की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी इस घटना के बाद शोक की लहर है।

सत्यसंवाद24×7