रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पंतनगर एयरपोर्ट के बहुप्रतीक्षित विस्तार को राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) से पर्यावरणीय मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही करीब 375.33 करोड़ रुपये की इस परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
रनवे की लंबाई 1,372 से बढ़कर 3,000 मीटर होगी
एयरपोर्ट विस्तार योजना के तहत मौजूदा रनवे की लंबाई 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर की जाएगी। इसके अलावा टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल भी 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर करने की योजना है। विमान पार्किंग स्थलों की संख्या दो से बढ़ाकर सात की जाएगी और टैक्सीवे की संख्या में भी इजाफा होगा।
सालाना 10.1 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता
विस्तार के बाद पंतनगर एयरपोर्ट की यात्री क्षमता में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने पर एयरपोर्ट सालाना करीब 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने में सक्षम होगा। विस्तार के बाद एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल 321.48 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है।
पर्यटन और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता जताई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, एयरपोर्ट का विस्तार होने से कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन, उद्योग और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बड़े विमानों के संचालन की सुविधा विकसित होने से क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकेंगे।
विस्थापन नहीं होने का मुख्यमंत्री ने किया दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के दौरान किसी भी परिवार का विस्थापन नहीं होगा। साथ ही पर्यावरणीय मानकों और मंजूरी के साथ निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कुमाऊं क्षेत्र के विकास और बेहतर हवाई संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। अब पर्यावरणीय मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने और परियोजना की अगली प्रक्रिया पर नजर रहेगी।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

